विशेष समाचार(बेनी माधव कुशवाहा डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर शहडोल)
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दरैन क्षेत्र में इन दिनों नदी-नालों से अवैध रेत उत्खनन का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों एवं स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा लगातार रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है।

सूत्रों का कहना है कि रात के समय ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के माध्यम से नदी-नालों से रेत निकाली जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध कार्य की जानकारी संबंधित विभागों को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि इस पूरे मामले में सीधी थाना पुलिस की मौन सहमति होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। लगातार हो रहे उत्खनन से नदी-नालों का अस्तित्व खतरे में पड़ता दिखाई दे रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग इस गंभीर मामले को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

