अंबिकापुर. अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग स्थित कल्याणपुर जंगल में मंगलवार की रात 10-12 की संख्या में हथियारबंद युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बाइक सवार बदमाशों ने पहले एक ऑटो चालक को रोककर उसे पिस्टल दिखाया और रुपयों की मांग की। रुपए नहीं होने की बात कहने पर धमकी देते हुए उन्होंने उसका मोबाइल लूट लिया। वहीं वहां से गुजर रहे कार सवारों को भी उन्होंने निशाना बनाने की कोशिश की।
सूरजपुर जिले के कल्याणपुर निवासी ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव मंगलवार की रात करीब 12.40 बजे अंबिकापुर से लौट रहा था। वह शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान 6 बाइक में सवार 11-12 युवकों ने अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर स्थित कल्याणपुर जंगल के पास उसे रोक लिया।
दमाशों ने पिस्टल दिखाकर पैसे की मांग की और गोली मारने की धमकी दी। धर्मेंद्र ने बताया कि उसके पास नकद नहीं थे, इस पर युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया।

बदमाशों ने इसके बाद अंबिकापुर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे धरमपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल की कार को भी रोकने का प्रयास किया। कार की रफ्तार कम होते ही आरोपियों ने चालक पर पिस्टल तान दी। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत कार की स्पीड बढ़ा दी और वहां से निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रतापपुर एसडीओपी अनुप एक्का ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीडि़त धर्मेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि बदमाश 6 बाइक में सवार थे और उनमें से 4 युवकों के पास पिस्टल थी। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।

