Home छत्तीसगढ़  नगर पंचायत शिवनन्दनपुर आम निर्वाचन एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की...

 नगर पंचायत शिवनन्दनपुर आम निर्वाचन एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियाँ तेज……….

25
0

सूरजपुर/13 मई 2026/ नगरीय निकाय (नगर पंचायत शिवनन्दनपुर) के आम निर्वाचन मई-जून 2026 तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन मई-जून 2026 को सुचारू ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती रेना जमील ने विभिन्न निर्वाचन कार्यों हेतु नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। जारी आदेश के तहत कुल 25 कार्य क्षेत्रों के लिए जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गई हैं तथा सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने का दायित्व सौंपा गया है।
कानून व्यवस्था की निरंतर समीक्षा, मतदान केन्द्रों एवं स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री वितरण-प्राप्ति स्थलों की निगरानी तथा एमसीसी (आदर्श आचरण संहिता) के पालन के लिए अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री जगन्नाथ वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके सहयोग हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार देवांगन तथा सर्व अनुविभागीय दण्डाधिकारी सहायक नोडल अधिकारी होंगे। श्री वर्मा को मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी) का भी प्रभार दिया गया है, जिसमें जिला जनसंपर्क कार्यालय के सहायक संचालक श्री प्रदीप सिंह कंवर सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे।
जाबो कार्यक्रम के अंतर्गत शत-प्रतिशत मतदान लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रचार-प्रसार, कर्मचारियों की व्यवस्था एवं प्रशिक्षण तथा कार्मिक कल्याण का दायित्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विजेन्द्र सिंह पाटले को सौंपा गया है। मतदान दलों एवं मतगणना दलों के प्रशिक्षण हेतु जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय मिश्रा सहायक नोडल अधिकारी होंगे, साथ ही जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के प्राचार्य श्री प्रेम चन्द सोनी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर के प्राचार्य श्री शम्भु प्रसाद निषाद को नियुक्त किया गया है।
शिकायत सेल/कन्ट्रोल रूम की व्यवस्था, परिवहन योजना एवं रूट चार्ट, मतपेटी की व्यवस्था, स्टेशनरी प्रबंधन तथा प्रतिवेदन तैयार करने का बहुआयामी दायित्व डिप्टी कलेक्टर श्री रमेश मोर को सौंपा गया है। डाक मतपत्र एवं निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र संबंधी कार्य जल संसाधन संभाग की कार्यपालन अभियंता सुश्री तरन्नुम खानम को दिया गया है।
ई.व्ही.एम. की व्यवस्था, रेण्डमाईजेशन एवं कमिशनिंग कार्य अनुविभागीय अधिकारी (ई एण्ड एम) सुश्री रूपाली वर्मा को, जबकि ई.व्ही.एम. मशीनों एवं मतदान दलों के रेण्डमाईजेशन का तकनीकी कार्य जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्री रोहन सिंह को सौंपा गया है। मतपत्र प्रूफ रीडिंग, मुद्रण एवं स्ट्रांग रूम संबंधी कार्य जिला कोषालय अधिकारी श्री प्रेम शंकर तिवारी की देखरेख में सम्पादित होगा।
निर्वाचन व्यय मॉनिटरिंग का दायित्व जिला पंचायत के लेखाधिकारी श्री भरथरी प्रसाद नागेश को सौंपा गया है, जो अध्यक्ष पदों के अभ्यर्थियों से निर्वाचन व्यय लेखा प्राप्त कर पंजी का संधारण एवं जाँच का कार्य देखेंगे। प्रेक्षक (सामान्य/व्यय) हेतु लाईजनिंग अधिकारी के रूप में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री शुभम बंसल एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री घनश्याम सिंह को नियुक्त किया गया है, जो प्रेक्षक के आगमन से प्रस्थान तक की सम्पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
चिकित्सा सहायता एवं मतदान दलों हेतु चिकित्सा किट्स की व्यवस्था का दायित्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा को सौंपा गया है। निर्वाचन सामग्री के आकलन एवं वितरण का कार्य तहसीलदार डॉ. अमृता सिंह को दिया गया है। मतगणना कक्ष की व्यवस्था तथा स्ट्रांग रूम बेरिकेटिंग कार्य लोक निर्माण विभाग (भ/स) के कार्यपालन अभियंता श्री एल.के. भोई की देखरेख में होगा। मानदेय वितरण का कार्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय मिश्रा को, समस्त मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल पर विद्युत व्यवस्था का प्रभार छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता श्री बसंत सोम को, निर्वाचक नामावली सेट्स तैयारी का दायित्व डिप्टी कलेक्टर श्री सुनील अग्रवाल को तथा दूर संचार व्यवस्था का प्रभार अनुविभागीय अधिकारी टेलीफोन श्री चंदेश साहू को सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि नवगठित नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में अध्यक्ष का 1 पद एवं पार्षद के 15 पदों के लिए निर्वाचन सम्पन्न कराया जाना है। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिले में कुल 2 जनपद पंचायत सदस्य (भैयाथान एवं रामानुजनगर), 3 सरपंच (रामानुजनगर में 2 तथा प्रतापपुर में 1) एवं 82 पंच पदों – जिनमें जनपद पंचायत सूरजपुर में 33, भैयाथान में 12, रामानुजनगर में 29, प्रेमनगर में 1, प्रतापपुर में 3 तथा ओड़गी में 4 – के लिए निर्वाचन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here