खबर बेनी माधव कुशवाहा जिला रिपोर्टर शहडोल-
हरचौका और घटई क्षेत्र में अवैध रेत
जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध रेत उत्खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।
आम आदमी पार्टी भरतपुर इकाई की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य सुखमती सिंह के नेतृत्व में अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत हरचौका एवं घटई क्षेत्र में स्वीकृत रेत खदानों की आड़ में भारी मशीनों का उपयोग कर नियमों के विपरीत अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार रेत माफिया प्रशासनिक नियमों और NGT के दिशा-निर्देशों को ताक पर रखकर जेसीबी और पोकलेन मशीनों से नदियों के भीतर से बड़े पैमाने पर रेत निकाल रहे हैं तथा ओवरलोड वाहनों के माध्यम से मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश तक परिवहन किया जा रहा है।
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि इस अवैध खनन से नदियों का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है, जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है और जलीय जीव-जंतुओं के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है।
साथ ही शासन को भारी राजस्व हानि भी पहुंच रही है।




ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र में लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते अवैध उत्खनन और ओवरलोडिंग पर रोक नहीं लगाई गई तो आम आदमी पार्टी धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन जैसे आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
AAP की ओर से मांग की गई है कि संबंधित ग्राम पंचायतों में संचालित रेत खदानों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा अवैध परिवहन में लगे वाहनों को तत्काल जब्त किया जाए।
क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर उठे इस मुद्दे ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

