शहडोल | जयसिंहनगर |
विशेष संवाददाता/बेनी माधव कुशवाहा जिला रिपोर्टर शहडोल
जिला शहडोल की जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत सीधी में लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रही जनता को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई।
क्षेत्र में लगातार प्रकाशित हो रही वशिष्ठ टाइम्स की जनहितकारी खबरों का व्यापक असर देखने को मिला, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और बंद पड़े नल-जल तंत्र को दुरुस्त कर गांव के घर-घर पानी पहुंचाना शुरू किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार कई महीनों से नल योजनाएं केवल कागजों में संचालित थीं, जबकि धरातल पर अधिकांश वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित थी। भीषण गर्मी के बीच महिलाएं और बुजुर्ग दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी ढोने को मजबूर थे।
मामले को वशिष्ठ टाइम्स ने प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए पंचायत एवं संबंधित विभाग की लापरवाही को उजागर किया था।


खबर प्रकाशित होने के बाद जनपद पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा ग्राम पंचायत प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन सुधार, मोटर मरम्मत और जल आपूर्ति व्यवस्था को पुनः सुचारु कराया।
अब ग्राम पंचायत सीधी के अधिकांश घरों में नियमित रूप से नलों से पानी पहुंचने लगा है।
ग्रामीणों ने इसे “जनता की जीत” बताते हुए कहा कि मीडिया की निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के कारण प्रशासन को जवाबदेह होना पड़ा।
लोगों ने वशिष्ठ टाइम्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि खबरें प्रमुखता से प्रकाशित नहीं होतीं, तो गांव की समस्या शायद अब भी अनसुनी रहती।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भविष्य में पेयजल व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए निगरानी बढ़ाने तथा संबंधित कर्मचारियों को जवाबदेही के दायरे में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साथ ही पंचायत स्तर पर जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की बात कही गई है।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि जब पत्रकारिता जनहित और जवाबदेही के साथ की जाए, तो उसका असर सीधे आम जनता के जीवन पर दिखाई देता है।
ग्राम पंचायत सीधी में नल-जल व्यवस्था का बहाल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मीडिया और जनता की संयुक्त शक्ति का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।

