सूरजपुर/06 मई 2026/ अग्निवीर थल सेना भर्ती 2026-27 की प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी कर रहे जिले के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन पंजीकृत आवेदकों को प्रारंभिक परीक्षा हेतु निःशुल्क कोचिंग (प्रशिक्षण) प्रदान किया जा रहा है, जिससे जिले के अधिकाधिक युवा सेना में सेवा का अपना सपना साकार कर सकें।
04 मई से 04 जून तक चलेगा प्रशिक्षण:-
पंजीकृत आवेदकों के लिए यह निःशुल्क कोचिंग 04 मई 2026 से 04 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। एक माह की अवधि में संचालित होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अभ्यर्थियों को परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम एवं तैयारी की रणनीति के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
ऑनलाइन पंजीयन था अनिवार्य:-
कोचिंग में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों को 30 अप्रैल 2026 तक रोजगार विभाग के पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in अथवा Chhattisgarh Rojgar App पर ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य था। केवल पंजीकृत आवेदक ही इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगे।
ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर तक प्रचार-प्रसार के निर्देश:-
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी समस्त ग्राम पंचायत वार्ड एवं नगरीय निकाय वार्ड स्तर तक पहुँचाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मुनादी सहित अन्य पारंपरिक एवं आधुनिक माध्यमों का उपयोग करते हुए इस कार्यक्रम की जानकारी अंतिम छोर तक पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।

