भिलाई हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रथम सेमेस्टर परीक्षा में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 27 जनवरी को आयोजित ‘इंग्लिश लीगल लैंग्वेज एंड राइटिंग’ के पेपर में छात्रों को उत्तर अंग्रेजी में लिखना था,लेकिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने उत्तर हिंदी में लिख दिए।
परीक्षा समाप्त हुए तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन विश्वविद्यालय अब तक इस मामले में अंतिम निर्णय नहीं ले पाया है। छात्रों को पास किया जाएगा या परीक्षा निरस्त होगी, यह फैसला परीक्षा समिति की बैठक में लिया जाएगा।

छात्र राहुल कुमावत का कहना है कि परीक्षा से पहले फैकल्टी और प्राचार्य ने स्पष्ट रूप से कहा था कि पेपर हिंदी या अंग्रेजी किसी भी भाषा में लिखा जा सकता है। छात्रों ने उसी आधार पर उत्तर लिखे।
90 अंकों के प्रश्नपत्र में पैसिव वॉइस, सेंटेंस राइटिंग, प्लुरल, कानूनी शब्दों पर शॉर्ट नोट, संक्षिप्त रूपों की व्याख्या, हिंदी से अंग्रेजी अनुवाद और लीगल ड्राफ्टिंग से जुड़े प्रश्न शामिल थे। सभी उत्तर अंग्रेजी में अपेक्षित थे।

