सूरजपुर/30 अप्रैल 2026/ पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), जयनगर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणामों की भव्य घोषणा की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘अभिभावक-शिक्षक संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान:-
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में गरिमामयी समारोह आयोजित किया गया। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेल्फी ज़ोन बना आकर्षण का केंद्रः-
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा विशेष ‘सेल्फी ज़ोन’ तैयार किया गया। परिणाम प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राएं अपने मेडल और उपलब्धियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ इस अवसर को कैमरे में कैद किया, जिससे यह सेल्फी बूथ पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण बना रहा।

अभिभावक-शिक्षक संवाद पर जोर:-
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ व्यक्तिगत चर्चा कर विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट साझा की। जिन विषयों में छात्र कमजोर पाए गए, उनके सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। साथ ही अभिभावकों से घर पर बच्चों के लिए सकारात्मक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

