छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के निहारिका क्षेत्र में संचालित एक सराफा दुकान में तीन महिलाओं द्वारा शातिर तरीके से चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।
ग्राहक बनकर आई महिलाओं ने दुकान संचालक और स्टाफ को बातों में उलझाकर करीब साढ़े 4 लाख रुपए के सोने के आभूषण पार कर दिए और फरार हो गईं।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र अंतर्गत निहारिका में अखिल कुमार देवांगन की ‘दिव्या ज्वेलर्स’ नामक दुकान है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं।
दुकान के कर्मचारियों द्वारा गहने दिखाए जाने के दौरान महिलाओं ने बड़ी चालाकी से दो चेन और दो लॉकेट गायब कर दिए। पूरा घटनाक्रम इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि किसी को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी।

संचालक के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों का कुल वजन लगभग 28 ग्राम है, जिनकी कीमत करीब साढ़े 4 लाख रुपए आंकी गई है। घटना के बाद संचालक ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

