ग्राम पंचायत दरेन
स्थान: शहडोल (मध्यप्रदेश)
विशेष संवाददाता /बेनी माधव कुशवाहा जिला रिपोर्टर शहडोल
जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दरेन के वार्ड क्रमांक 04 में स्थापित 100 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है।
ट्रांसफार्मर से जुड़ी विद्युत तारें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकती हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
नियमित बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण आमजन को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, खुले और टूटे हुए तारों से पशुओं और लोगों की जान को भी गंभीर खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय कर्मचारियों को मौखिक एवं लिखित रूप से सूचित किया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। मौके पर न तो निरीक्षण किया गया और न ही सुधार कार्य की कोई पहल की गई।
यह लापरवाही प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है।


प्रशासनिक दृष्टि से यह मामला अत्यंत गंभीर है, क्योंकि विद्युत जैसी बुनियादी सुविधा में लापरवाही सीधे जनजीवन को प्रभावित करती है।
शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका क्रियान्वयन सवालों के घेरे में है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या को कब संज्ञान में लेते हैं
और जर्जर ट्रांसफार्मर व क्षतिग्रस्त तारों को बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही व्यवस्था जागेगी।

