छत्तीसगढ़ में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप तेज होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के बाद अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि 24 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच मध्य छत्तीसगढ़ में लू जैसी स्थिति बन सकती है। इस दौरान दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में स्पष्ट अंतर देखने को मिला। दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में एक द्रोणिका मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहने से सूर्य की तीव्रता और अधिक महसूस होगी,राजधानी रायपुर में आज आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भीषण गर्मी और लू के चलते स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में पर्याप्त पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और धूप से बचाव करना जरूरी है।

