Home एम.सी.बी. जनगणना 2027 की तैयारियों को मिला मजबूत आधार, मनेन्द्रगढ़ में तीन दिवसीय...

जनगणना 2027 की तैयारियों को मिला मजबूत आधार, मनेन्द्रगढ़ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण का भव्य समापन…………

16
0

एमसीबी/30 मार्च 2026/ जिले में आगामी जनगणना 2027 को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का कलेक्टर सभा कक्ष, मनेन्द्रगढ़ में सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले ट्रेनरों को दक्ष, प्रशिक्षित और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डी. राहुल वेंकट तथा जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार सिदार के मार्गदर्शन में किया गया। मास्टर ट्रेनर टी. विजय गोपाल राव एवं विनय मोहन भट्ट ने अपने अनुभव और विशेषज्ञता के आधार पर प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के प्रत्येक पहलू की गहन जानकारी दी। तीन दिनों तक चले इस सघन प्रशिक्षण में जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, मकान सूचीकरण, परिवार आधारित जानकारी संकलन, डेटा की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उपाय, प्रपत्रों के सही उपयोग तथा तकनीकी प्रक्रियाओं को विस्तारपूर्वक समझाया गया। विशेष रूप से जनगणना में शामिल 34 महत्वपूर्ण प्रश्नों पर फोकस करते हुए उनके उद्देश्य, उत्तर दर्ज करने की सटीक विधि एवं संभावित त्रुटियों से बचाव के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम की विशेषता इसका व्यवहारिक एवं तकनीक-आधारित स्वरूप रहा। प्रतिभागियों को फील्ड विजिट के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अवसर दिया गया, जहां उन्होंने टेस्ट एचएलओ एप के जरिए डाटा एंट्री, सर्वेक्षण प्रक्रिया और फील्ड प्रबंधन का व्यावहारिक अभ्यास किया। इस दौरान संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों के साथ सतत संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक कर्मी की भूमिका अत्यंत जवाबदेह होती है।
समापन अवसर पर अधिकारियों ने सभी फील्ड ट्रेनरों को शुभकामनाएं देते हुए निर्देशित किया कि वे अप्रैल माह में अपने-अपने क्षेत्रों में नियुक्त प्रगणकों को इसी गुणवत्ता और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्रदान करें। साथ ही मकान सूचीकरण कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, ईमानदारी और सतर्कता के साथ कार्य संपन्न करने पर विशेष जोर दिया गया।
जनगणना भारत सरकार की एक व्यापक, संवेदनशील और अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक संरचना, आर्थिक स्थिति, शिक्षा स्तर और आवासीय परिस्थितियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े गोपनीयता के साथ एकत्र किए जाते हैं। ये आंकड़े नीतिगत निर्णयों, संसाधनों के समुचित उपयोग एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आधारशिला होते हैं। ऐसे में मनेन्द्रगढ़ में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना 2027 की तैयारियों को नई मजबूती प्रदान करने वाला साबित हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here