छत्तीसगढ़ के युवाओं के आसमान छूने के सपने को अब नया पंख मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल का परिणाम है कि जशपुर जिले के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके तहत जशपुर के एनसीसी कैडेट्स अब जगदलपुर में उन्नत उड़ान प्रशिक्षण ले रहे हैं।
कुल पांच कैडेट्स—आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष—कोच कमलेश विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
जगदलपुर में जारी है उन्नत उड़ान प्रशिक्षण
जशपुर में रायपुर के बाहर पहली बार बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया था। अब दूसरे चरण के लिए जगदलपुर को चुना गया है। आने वाले महीनों में प्रशिक्षण कार्यक्रम अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग–भिलाई में भी आयोजित किए जाने की योजना है।
रायपुर ग्रुप तथा मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे इस प्रशिक्षण में सिंगल इंजन, ट्विन-सीटर वायरस SW-80 माइक्रोलाइट विमान का उपयोग किया जा रहा है।
यह उड़ान कैडेट्स के लिए न सिर्फ पहला व्यावहारिक अनुभव है, बल्कि सीमित समय और नियंत्रित परिस्थितियों में उनके निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत बना रही है।
एनसीसी कैडेट्स सीख रहे अनुशासन और राष्ट्रसेवा का मंत्र
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, वायुसेना, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का लगातार सहयोग मिल रहा है। कैडेट्स को ‘एकता और अनुशासन’ के मूल सिद्धांतों को जीवन में उतारते हुए राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने 25 चयनित छात्रों को पहनाया एनसीसी बैच
हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवोदय विद्यालय के एयर एनसीसी विंग में चयनित 25 मेधावी छात्रों—13 बालिकाएं व 12 बालक—को कैडेट्स का बैच पहनाकर पंजीयन की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री ने एनसीसी दिवस पर इच्छा जताई थी कि रायपुर के अलावा जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे स्थानों पर भी हवाई प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप मार्च में जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी को 3 सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के लिए स्वीकृति मिली और प्रशिक्षण हेतु एक माइक्रोलाइट विमान भी भेजा गया। इसी दौरान लगभग 100 कैडेट्स को वास्तविक उड़ान अनुभव प्राप्त हुआ।



