जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। जांजगीर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम नरियरा के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिस पर दो युवक सवार थे। हादसे में अतुल कुमार साहू, जो छात्र बताया जा रहा है, की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जांजगीर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक और कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
पुलिस ने समझाइश दी, लेकिन लोग अड़े रहे
सूचना पर मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, मगर प्रदर्शनकारी देर तक सड़क पर डटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फरार चालक की तलाश जारी है और परिजनों को शासन की ओर से उचित सहायता दिलाई जाएगी।
जिंदल पावर प्लांट के वाहन से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कैप्सूल वाहन नरियरा स्थित जिंदल पावर प्लांट का बताया जा रहा है। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अतुल कुमार साहू की मौत की खबर से नरियरा गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजन और मित्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से खतरनाक बना हुआ है और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को शासन की राहत योजना के तहत सहायता दिलाई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।



