छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार होने के बावजूद भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र में अवैध और जहरीली शराब का निर्माण और बिक्री जोरो से जारी है। इस मुद्दे पर अब स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपनी ही सरकार के सामने सवाल उठाए हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम जहरीली शराब बना और बेच रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। वहीं मनेंद्रगढ़ नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 04 और भरतपुर सोनहत विधानसभा के ग्राम पंचायत चनवारीडांड के वार्ड 18, 19 और 20 मलाईपारा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायत की है। यहां तक कि, स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं का सवाल है कि जब प्रदेश में उनकी अपनी सरकार है और विधानसभा में उनकी पार्टी की विधायक हैं, तो प्रशासन इस अवैध धंधे पर रोक क्यों नहीं लगा पा रहा है ? कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस अवैध कारोबार को स्थानीय राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही है।
वहीं बीजेपी नेताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में की गई शिकायतों को दरकिनार किया गया है, जिससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध जहरीली शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपनी ही पार्टी की सरकार में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।



