नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के समक्ष चैंबर में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गोटेगांव- आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों एवं अधिकारियों ने संस्थान में संचालित ट्रेनिंग कम प्रोडक्शन सेंटर के अंतर्गत बनाये गये विभिन्न नवाचार प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया। कलेक्टर ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए प्रशिक्षणार्थियों की जागरूकता को प्रेरणास्पद बताया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के साथ- साथ उत्पादन के समन्वय को युवाओं के कौशल विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है।
प्रशिक्षणार्थियों ने कलेक्टर के समक्ष एलईडी बल्ब निर्माण, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट सिस्टम जैसे प्रशिक्षण आधारित उत्पादन गतिविधियों के साथ-साथ स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट डस्टबिन, लॉट आधारित होम ऑटोमेशन सिस्टम, स्मार्ट होम गार्डनिंग सिस्टम आदि परियोजनायें प्रस्तुत की। संस्थान द्वारा चलाए जा रहे नवाचार व उत्पादन गतिविधियों से न केवल प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हो रहा है, बल्कि वे आत्मनिर्भरता की दिशा में भी अग्रसर हो रहे हैं।
इस दौरान प्राचार्य श्री नारायण कोष्टा व अनुदेशक श्री आशीष सोनी ने औद्योगिक भ्रमण, ऑन द जॉब ट्रेनिंग- ओजेटी आदि अपनाई जा रही श्रेष्ठ शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी। इससे प्रशिक्षणार्थियों को वास्तविक औद्योगिक अनुभव प्राप्त हो रहे हैं।



