दुर्ग में चोरी की वारदात से परेशान एक दंपती न्याय की मांग कर रहा है। दंपती का आरोप है कि 8 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इससे दंपती काफी परेशान है और न्याय की मांग कर रहा है।
दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर 2024 को एक घर में चोरी की घटना हुई थी। चोरी की वारदात के बाद मकान मालिक हरीश वर्मा ने थाने में FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने आवेदन लेकर मौका मुआयना किया और मामला दर्ज किया। अब नंदिनी पुलिस की तरफ से मामले में कोई ठोस कार्रवाई ना होने से हरीश अपनी पत्नी के साथ एसपी और एडिशनल एसपी कार्यालय के चक्कर काट रहा है। हरीश वर्मा ने बताया कि घटना के दिन वे घर नहीं थे। अज्ञात चोरों ने उनके घर के पिछले दरवाजे से घुसकर 15 लाख रुपए से ज्यादा के गहने और नकदी चोरी की थी। घटना के बाद उन्होंने तत्काल नंदिनी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने FIR में चोरी की राशि मात्र डेढ़ लाख रुपए लिखा। हरीश का कहना है कि इस घटना को पूरे आठ महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। न ही कोई आरोपी गिरफ्तार हुआ है और न ही चोरी का सामान बरामद किया जा सका है। उन्होंने थाना से लेकर तत्कालीन एसपी और आईजी तक से गुहार लगाई है, लेकिन हर जगह से सिर्फ आश्वासन देकर लौटा दिया जा रहा है।



