Home नरसिंहपुर नरसिंहपुर/MP : मंत्री श्री पटेल सींगरी नदी पथ एवं पाट को साफ़-...

नरसिंहपुर/MP : मंत्री श्री पटेल सींगरी नदी पथ एवं पाट को साफ़- सफ़ाई अभियान में हुए शामिल…………

45
0

नरसिंहपुर : पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटैल की विशेष मौजूदगी में जल गंगा संवर्धन अभियान से प्रेरित मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा स्वयं के व्यय से प्राचीन धरोहर “सींगरी नदी” पथ एवं पाट की साफ़- सफ़ाई हुई। मंत्री श्री पटेल ने सिंगरी नदी के उद्गम स्थल से 5 किमी तक नदी का पथ एवं पाट अतिक्रमण मुक्त कर नदी के पुनर्जीवन के लिए पद यात्रा का शुभारंभ किया। साथ ही नदी पुनर्जीवन के लिए स्थानीय लोगों से संवाद भी किया।

      मंत्री श्री पटेल ने प्रेरक कहानी के माध्यम से कहा कि जो समाज से लेता है उसे याद नहीं किया जाता लेकिन जो समाज को देता है वो हमेशा याद रखा जाता है। व्यक्ति हमेशा स्वयं के लाभ के लिए लिए पूरी जिंदगी भर मेहनत करता है, जो दूसरों के लिए करें यह बड़ी बात होती है। सींगरी नदी के पुनर्रूद्धार करने का यह प्रयास शुरू हुआ। जब नदी की एक जल धारा को ठीक करेंगे, तब नदी में शुद्ध जल का बहाव होगा, तब हम नरसिंहपुर में कुछ बेहतर कार्य कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आज डांगीढाना जाकर मुरलीपौड़ी से चौराखेड़ा तक पैदल चलेंगे और कल यहां से समनापुर तक जायेंगे। किसानों से अपील करें कि दूषित पानी का उपयोग अपनी खेत में सिंचाई के लिए नहीं करें, आने वाले समय में गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। सींगरी नदी कब से है यह कोई नहीं जानता, हमें पीढ़ियों से इसका आशीर्वाद मिला है।

      मंत्री श्री पटेल ने कहा कि उनके पूज्यगुरू श्रीबाबाश्री जी ने बताया था कि चाहे वह नदी का संगम हो, पर्वतों, वृक्ष और मनुष्य का संगम हो, जीवन की संभावनायें जहाँ होती है, उसे रौंदने की गलती नहीं करना। हर व्यक्ति को बेहतर जीवन की तलाश है। राज्य सरकार जल गंगा संवर्धन अभियान चला रही है। अभियान के तहत खेत- तालाब का निर्माण, कुंओ व प्राचीन बावड़ियों की साफ- सफाई का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैंने तय किया है कि नदियों के उद्गम को देखा जाये। यदि छोटी नदी बारहमासी होंगी, तो बड़ी नदी भी बारहमासी होंगी। उन्होंने कहा कि हम सभी ने सींगरी नदी से कुछ न कुछ लिया है, अब सिंगरी नदी को वापिस करने का समय आ गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से निवेदन किया कि सींगरी नदी में गीष्मऋतु में पुनर्रूद्धार, बरसात के समय में पौधरोपण और बरसात उपरांत बोरी बंधान से आगे नदी में बेहतर पानी रहेगा। इस पर हम सभी बेहतर काम कर सकते हैं। हम पानी से प्यार करते हैं, लेकिन यह पानी कहां से आता है, उसका पता नहीं है।

      इस अवसर पर विधायक श्री महेन्द्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, श्री रामसनेही पाठक, अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here