कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने केमिकल फ्री अचार निर्माण के लिए दीदियों को दी बधाई
कोरिया : जिला प्रशासन कोरिया द्वारा जिले में स्व सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित वोकल फार लोकल की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को देशी उत्पाद बनाने के लिए आवश्यक मदद और संसाधन देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्व सहायता समूह की महिलाओं को चयन कर उनके कौशल का विकास कर ऐसे उत्पाद निर्माण कार्यों में संलग्न किया जा रहा है जिससे वह लखपति दीदी की श्रेणी में आ सकें और उनका आर्थिक स्वावलंबन निर्धारित हो सके। इस कड़ी में आज कोरिया जिले में स्व सहायता समूह की दीदियों ने केमिकल फ्री अचार बाजार में उपलब्ध करा दिया है। इसका औपचारिक शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने किया।
क्या है कोरिया पिकल
कोरिया जिले में दो जगहों पर कोरिया पिकल नामक देशी अचार उत्पाद निर्माण की इकाईयों को प्रारंभ किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत छिंदिया में यह कार्य आरंभ हो चुका है और सोनहत जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत घुघरा में यह अचार निर्माण इकाई प्रगतिरत है। ग्राम पंचायत छिंदिया की जागृति महिला समूह की 12 दीदियों ने मिलकर कोरिया पिकल के ब्रांड नेम से अचार उत्पाद बनाना आरंभ किया है।
कोरिया पिकल क्यों है खास
समूह की दीदियों ने बताया कि वह देसी तरीके से मसालों का और तेल का उपयोग कर स्वादिष्ट अचार निर्माण कर रही हैं। इसके निर्माण में उन्होने किसी भी तरह का केमिकल या बाजार से रसायन का उपयोग नहीं किया है। उनका यह स्वदेशी अचार पूरी तरह से देशी पद्धति से तैयार किया गया है। जिसके शुद्धता की शत प्रतिशत गारंटी है। समूह की सदस्यों ने बताया कि प्रथम चरण में उनके द्वारा आम, इमली, कटहल, मिर्च-अदरक के छह प्रोडक्ट मार्केट में उतारे गए हैं।
मिलेटस कैफे में उपलब्ध
अचार निर्माण करने वाले जागृति महिला स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती नीलम ने बताया कि अब तक उन्होने दस क्विंटल कोरिया पिकल तैयार कर लिया है और यह कांच के जार की आकर्षक पैकिंग में तैयार है। आम नागरिक केमिकल फ्री कोरिया पिकल को मिलेटस कैफे से न्यूनतम कीमत पर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही यह उत्पाद आने वाले एक सप्ताह में मुख्यालय के सभी प्रमुख दुकानों में भी आम कोरिया वासियों के खरीद के लिए उपलब्ध हो जाएगा।
घर के अचार का स्वाद
कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कोरिया पिकल ब्रांड नेम से उपलब्ध देशी अचार की श्रृंखला के समस्त उत्पादों की तारीफ करते हुए कहा कि यह वाकई घर के अचार सा स्वादिष्ट है। सभी तरह के अचार का केमिकल रहित निर्माण करने के लिए उन्होने पूरे समूह का उत्साहवर्धन किया और उपस्थित जिला अधिकारियों को इन उत्पादों को शैक्षणिक संस्थाओं सहित अन्य जगहों पर आवश्यकतानुसार लेकर स्थानीय बाजार को मजबूत करने का सुझाव दिया।



