15 वर्षों से पदस्थ शिक्षक शैलेश पांडेय एवं ठेकेदार वीरेंद्र पांडेय पर ग्रामीणों के गंभीर आरोप, निर्माण कार्य को लेकर कलेक्टर से शिकायत
विशेष समाचार – बेनी माधव कुशवाहा ( डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर)शहडोल
सीधी/जयसिंहनगर। ग्राम पंचायत सीधी, विकासखंड जयसिंहनगर, जिला शहडोल स्थित शासकीय हाई स्कूल सीधी के परिसर की शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में लगभग 15 वर्षों से पदस्थ शिक्षक शैलेश पांडेय से संबंधित भूमि/निर्माण को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। शिकायत के अनुसार विद्यालय परिसर में पूर्व से बने बाउंड्रीवाल को छोड़कर उसके भीतर की ओर लगभग 8 फीट चौड़ाई एवं 70 फीट लंबाई में नया निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणकर्ता के रूप में वीरेंद्र पांडेय द्वारा कार्य कराया जा रहा है, जिन्हें शिकायतकर्ता शिक्षक शैलेश पांडेय का संबंधी बता रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार मौके पर निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी लेने पर ग्राम पंचायत सचिव को भी इसकी सूचना दिए जाने की बात सामने आई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय परिसर की भूमि पर पूर्व में शौचालय के साथ एक कमरे का निर्माण भी किया जा चुका है।
विद्यालय की जमीन आखिर किसकी? जांच से होगा खुलासा
मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि कथित निर्माण शासकीय हाई स्कूल परिसर की भूमि पर होने का आरोप है। यदि जांच में यह भूमि विद्यालय की शासकीय संपत्ति पाई जाती है और निर्माण बिना सक्षम अनुमति के कराया जाना प्रमाणित होता है, तो संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का प्रश्न उठता है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि राजस्व एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संयुक्त स्थल निरीक्षण कराया जाए, विद्यालय की भूमि की सीमांकन प्रक्रिया कराई जाए तथा निर्माण की वैधानिक अनुमति और अभिलेखों की जांच की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक विवादित निर्माण पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।
अब देखना यह है कि प्रशासन शिकायत को महज कागजी कार्रवाई तक सीमित रखता है या शासकीय विद्यालय की भूमि की मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है।



