Home एम.सी.बी. कोरिया, जिला पंचायत सामान्य सभा में जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा...

कोरिया, जिला पंचायत सामान्य सभा में जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा अध्यक्ष सहित सदस्यों ने गांवों में सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर किया मंथन

6
0
hey

कोरिया 25 अगस्त 2026/ जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित राम पैकरा की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आंगनबाड़ी, सिंचाई और जल संरक्षण सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।

अध्यक्ष श्री मोहित राम पैकरा ने कहा कि ग्रामीणों के लिए स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने जिले में स्वीकृत पेयजल परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने तथा जिला चिकित्सालय सहित स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वनांचल के गांवों में लंबित विद्युतीकरण कार्यों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने संबंधित क्षेत्रों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े ने आंगनबाड़ी भवनों की जर्जर स्थिति का विषय उठाया। इस पर सभी आंगनबाड़ी एवं विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों को चिन्हांकित कर नए भवनों के प्रस्ताव भेजने तथा बच्चों को जर्जर भवनों में नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए।

सदस्यों ने नदियों और नालों में रेत उत्खनन तथा जल संरक्षण संरचनाओं के पुनरुद्धार का मुद्दा भी उठाया। जल संसाधन विभाग को नहरों का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधार कराने तथा अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न विभागों में प्रभारी अधिकारियों की व्यवस्था एवं अधिकारियों की अनुपस्थिति का विषय भी उठाया गया। सदस्यों ने जनहित एवं विशेषकर किसानों से जुड़े विभागों में नियमित अधिकारियों की पदस्थापना की मांग रखी। चर्चा उपरांत सभी विभागों में नियमित अधिकारियों की पदस्थापना के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने सभी विभाग प्रमुखों को सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों पर शीघ्र कार्रवाई कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े सहित सदस्य श्रीमती सौभाग्यवती सिंह, श्रीमती संगीता सोनवानी, श्री राजेश साहू, श्री सुरेश सिंह, श्रीमती सुषमा कोराम, श्रीमती स्नेहलता उदय, बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री उदय सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here