सूरजपुर/13 अगस्त 2026/ शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बृजलाल साहू के मार्गदर्शन में परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा उपस्थितजनों ने इनके संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के आईक्यूएसी समन्वयक श्री संदीप कुमार सोनी, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पुजांजली भगत, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने मिलकर महाविद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सतत जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्राचार्य श्री बृजलाल साहू ने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना भविष्य में निवेश करने के समान है। उन्होंने सभी छात्राओं से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।

