Home कोरिया सूरजपुर, रामानुजनगर में स्काउट-गाइड कार्यशाला सह बिगनर्स कोर्स का सफल आयोजन, प्रतिभागियों...

सूरजपुर, रामानुजनगर में स्काउट-गाइड कार्यशाला सह बिगनर्स कोर्स का सफल आयोजन, प्रतिभागियों को दी गई OYMS पंजीयन एवं चार्टर-वारंट की जानकारी

7
0
hey

सूरजपुर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थानीय संघ विकासखण्ड रामानुजनगर द्वारा बीआरसी भवन, रामानुजनगर में कार्यशाला सह बिगनर्स कोर्स प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी पदेन जिला आयुक्त श्रीमती लता बेक के आदेशानुसार, जिलाध्यक्ष श्री शंकर यादव, जिला मुख्य आयुक्त श्री रितेश गुप्ता एवं जिला संघ के संरक्षण में हुआ। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पदेन सहायक जिला आयुक्त श्री अवधेश साहू तथा जिला प्रतिनिधि (डीओसी) श्री बेलभद्र देवांगन के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और परिचय के साथ हुआ। विकासखण्ड सचिव श्री विजेन्द्र साहू ने स्वागत उद्बोधन में स्थानीय संघ की गतिविधियों तथा वार्षिक प्रतिवेदन की जानकारी प्रस्तुत करते हुए विद्यालयों का पंजीयन भी कराया।


इस अवसर पर श्री अवधेश साहू ने कहा कि स्काउट-गाइड की गतिविधियों में एक अलग तरह का जोश, अनुशासन और सेवा भावना दिखाई देती है तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में स्काउटिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में नियमित रूप से स्काउटिंग गतिविधियाँ संचालित करने का आह्वान करते हुए विकासखण्ड में इन्हें बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। डीओसी श्री बेलभद्र देवांगन ने बिगनर्स कोर्स के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्काउट एवं गाइड के उद्देश्य, दल पंजीयन, शनिवार को नियमित ट्रूप मीटिंग, बच्चों के प्रवेश, द्वितीय एवं तृतीय सोपान तथा राज्य पुरस्कार की जानकारी दी। साथ ही शिक्षक प्रशिक्षण के अंतर्गत बिगनर्स, बेसिक, एडवांस एवं एचडब्ल्यूबी प्रशिक्षण के संबंध में भी बताया। श्री नन्द कुमार सिंह एवं श्री आनंद राम साहू ने प्रतिभागियों को स्काउटिंग की प्रार्थना, नियम एवं प्रतिज्ञा से अवगत कराते हुए उनका महत्व समझाया।


स्काउट मास्टर श्री योगेश साहू ने OYMS पंजीयन की प्रक्रिया पर विशेष जोर देते हुए बताया कि संगठन से जुड़े प्रत्येक स्काउट एवं गाइड का पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। उन्होंने यूनिट एवं सदस्यों के पंजीयन के साथ ही चार्टर तथा वारंट बनाने और उनके नवीनीकरण की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान बिगनर्स कोर्स तथा चार्टर एवं वारंट के नवीन/नवीनीकरण के प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया, जिसे प्राप्त करने वाले शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा गया।


कार्यक्रम में गाइड कैप्टन श्रीमती धनसरी राजवाड़े, श्रीमती गुड्डी राही, स्काउट मास्टर श्री जाकिर हुसैन, श्रीमती मंजू टोप्पो, श्री श्रीकांत पांडेय, श्री नितिन सिन्हा सहित विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउटर एवं गाइडर उपस्थित रहे। आयोजन से विद्यालयों में नियमित ट्रूप मीटिंग, OYMS पंजीयन, चार्टर-वारंट प्रक्रिया तथा अन्य गतिविधियों के संचालन को गति मिलने के साथ ही जिले की कार्ययोजना के अनुरूप विकासखण्ड में स्काउट-गाइड गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात सभी प्रतिभागी विकासखण्ड स्तरीय तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here