कोरिया आजादी का पर्व इस वर्ष कोरिया जिले में प्रकृति, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ मनाया जाएगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले की 57 ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों के तट पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इन समारोहों में पंचायतीराज संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आयोजन के संबंध में सभी संबंधित ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कोरिया जिले में निर्मित अमृत सरोवर अब ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र बन रहे हैं। इन सरोवरों से ग्रामीणों को निस्तार एवं सिंचाई के लिए जल की सुविधा मिल रही है। वहीं स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों से जुड़कर आजीविका के नए अवसर प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने निर्देश दिए हैं कि अमृत सरोवरों के तट पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में ग्राम पंचायतों के विशिष्ट नागरिकों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, महाविद्यालयीन युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों सहित अधिक से अधिक आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन जनसहभागिता के साथ इस तरह किया जाए कि प्रत्येक नागरिक देशभक्ति और गौरव की भावना के साथ इसमें सहभागी बने।
तिरंगा यात्रा के साथ होंगी रचनात्मक प्रतियोगिताएं
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने सभी जनपद पंचायतों को निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायतों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जाए। विद्यार्थियों के लिए आजादी एवं राष्ट्रभक्ति विषय पर चित्रकला, निबंध, कविता और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।
उन्होंने अमृत सरोवरों के तटों पर जनसहभागिता से स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस समारोह के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।

