शहडोल/जयसिंहनगर
शहडोल/जयसिंहनगर। ग्राम पंचायत दरैन से मेड़राटोला जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रहा है, जो विकास के सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के मौसम में मार्ग पर कीचड़ और जलभराव होने से पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का लगातार खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों का दावा केवल सरकारी अभिलेखों और कागज़ों तक सीमित है, जबकि धरातल पर सड़क की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। रोज़ाना इसी मार्ग से स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और मरीज आवागमन करते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या से आंखें मूंदे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के दौरान यह मार्ग लोगों के लिए परेशानी का कारण ही नहीं, बल्कि किसी बड़े हादसे का भी कारण बन सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत से मांग की है कि दरैन से मेड़राटोला मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
विशेष संवाददाता: बेनी माधव कुशवाहा, जिला रिपोर्टर शहडोल

