Home कोरिया सूरजपुर, समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने की विभागीय...

सूरजपुर, समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने की विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा, शासन की प्राथमिकता वाली जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुँचाने के दिए निर्देश

7
0
hey

सूरजपुर

एग्री स्टैक पंजीयन से छूटे कृषकों के नामों का ग्राम सभा में वाचन कराकर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश

कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आवास एवं कौशल विकास सहित सभी एजेंडा बिंदुओं पर हुई गहन चर्चा

छत्तीसगढ़, सूरजपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र पाटले की अध्यक्षता में आज समय सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाले कार्य के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य पोषित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुँचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने योजनाओं की सतत मॉनीटरिंग और भौतिक निरीक्षण पर जोर दिया ।
बैठक में विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागीय एजेंडा बिंदुओं पर बिंदुवार चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि एग्री स्टैक के अंतर्गत पंजीयन से छूटे हुए पात्र कृषक बंधुओं के नामों का वाचन ग्राम सभा में कराया जाए, ताकि शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके। जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के सक्रिय हितग्राहियों में से अब तक 77 हजार 382 कृषकों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीयन हो चुका है, शेष कृषकों के पंजीयन हेतु ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए कृषकों को दलहन, तिलहन एवं उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम योजना के लक्ष्य के अनुरूप पौध रोपण कार्य में तेजी लाने पर बल दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष छूटे हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। जिले में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह की जाँच में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने, संपूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा टीबी, मलेरिया एवं डेंगू की रोकथाम हेतु सक्रिय खोज अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में बच्चों के आधार पंजीयन एवं आभा आईडी निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई तथा प्रत्येक शुक्रवार ग्राम पंचायतों में आयोजित हो रहे आधार शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर छूटे हुए बच्चों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, पीएम पोषण, सरस्वती सायकल वितरण तथा पीएम श्री योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। जिले के विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने का शेष कार्य सितंबर माह के अंत तक पूर्ण करने तथा समुदाय की सहभागिता से संचालित न्योता भोजन को निरंतर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर प्रत्येक घर तक कार्यशील नल कनेक्शन के माध्यम से जल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) की प्रगति, एसएलआरएम एवं एमआरएफ सेंटर के कार्यों, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के विरुद्ध संस्थापन एवं सब्सिडी भुगतान, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के प्रशिक्षण लक्ष्य तथा रोजगार मेलों के आयोजन की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय सीमा के बाद लंबित आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। अंत में उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को समय सीमा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व एसडीएम व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here