मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने जारी बयान में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन और जनकल्याण के नये दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की पारदर्शी कार्यशैली, जनहितैषी नीतियों और दूरदर्शी निर्णयों के कारण “नए छत्तीसगढ़” का निर्माण तेजी से हो रहा है, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
अंकित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास, सड़क, पुल निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, कृषि, उद्योग तथा रोजगार के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की पारदर्शी व्यवस्था और जनकल्याणकारी निर्णयों से जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति तेज हुई है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिये प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनी है।
अंकित शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन और सरकार मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

