कोरिया, 27 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रोत्साहन योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन योजनाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
इन योजनाओं के अंतर्गत शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रेरणा निधि तथा खेलवृत्ति (डाइट मनी) प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों एवं प्रोत्साहन योजनाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों की उत्कृष्ट उपलब्धियों का सम्मान करना तथा प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों, शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की गई है कि वे पात्र खिलाड़ियों के आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र खिलाड़ी शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों सहित ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जा सकते हैं। योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, दिशा-निर्देश एवं विस्तृत जानकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अंतिम तिथि 05 अगस्त 2026 से पूर्व वेबसाइट का अवलोकन कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।

