वशिष्ठ टाइम्स |
कोरिया संस्करण
सोनहत (कोरिया)।
जनपद पंचायत सोनहत अंतर्गत ग्राम पंचायत कुशहा के आश्रित ग्राम विरौदीडांड स्थित प्राथमिक शाला तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्कूल मार्ग पर बने गहरे गड्ढे के कारण छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को प्रतिदिन जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में गड्ढे में पानी भर जाने से उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है, जिससे अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक गड्ढे की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।
इससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कुशहा ग्राम पंचायत के अंतर्गत विरौदीडांड सहित कई आश्रित ग्राम आते हैं और यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यदि समय रहते गड्ढे की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि स्कूल मार्ग पर बने गहरे गड्ढे को तत्काल भरवाकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि बच्चों का आवागमन सुगम हो सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जनहित का सवाल:
“जब स्कूल जाने का रास्ता ही सुरक्षित नहीं होगा, तो बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?”

