Home एम.सी.बी. एमसीबी, छत्तीसगढ़, जल संरक्षण की मिसाल बनी 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी:...

एमसीबी, छत्तीसगढ़, जल संरक्षण की मिसाल बनी 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी: स्टॉप डैम में संचित हुआ हजारों घनमीटर वर्षा जल पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वास्थ्य संवर्धन की अनूठी पहल, 2100 से अधिक पौधों को मिलेगा संजीवनी, 26 जुलाई को होगा विशेष फिटनेस एवं जुम्बा सत्र

7
0
hey

 

एमसीबी 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, चैनपुर जिला एमसीबी द्वारा बीते छह माह से जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयास अब वर्षा ऋतु में सार्थक परिणाम देने लगे हैं। वाहिनी परिसर में निर्मित स्टॉप डैम में वर्षा जल का भरपूर संचयन होने से न केवल भू-जल स्तर में वृद्धि की संभावना मजबूत हुई है, बल्कि परिसर में लगाए गए हजारों पौधों के संरक्षण के लिए भी पर्याप्त जल उपलब्ध हो गया है।
वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर श्री संजय शर्मा के नेतृत्व में राजपत्रित अधिकारी के.सी. मिंज, श्री अविनाश अग्निहोत्री, श्री देवनारायण सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों के सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण की यह अभिनव पहल सफल होती दिखाई दे रही है। अधिकारियों एवं जवानों द्वारा बनाए गए स्टॉप डैम के माध्यम से लगभग 90 मीटर लंबे एवं 12 मीटर चौड़े नाले में 6 से 8 फीट की गहराई तक लगभग 3000 घनमीटर वर्षा जल का संचयन हो चुका है।

इस जल संचयन से क्षेत्र में भू-जल स्तर बढ़ने की संभावना के साथ-साथ गर्मी के मौसम में भी वाहिनी परिसर में लगाए गए 2100 से अधिक पौधों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। यह पहल जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरी है।
वाहिनी परिसर को और अधिक आकर्षक एवं हरित बनाने के उद्देश्य से स्टॉप डैम के दोनों किनारों पर एकत्रित उपजाऊ मिट्टी का उपयोग करते हुए विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में “फ्लावर वैली” विकसित की जा रही है। इसके अंतर्गत लगभग 25 प्रजातियों के 200 से अधिक रंग-बिरंगे फूलों के पौधों का रोपण किया गया है। इसके विकसित होने से यह क्षेत्र न केवल वाहिनी परिसर में निवासरत परिवारों के लिए, बल्कि आगंतुकों के लिए भी एक सुंदर एवं दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित होगा।
जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के साथ-साथ 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी स्वास्थ्य संवर्धन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। स्थानीय सुरभि पार्क में पतंजलि योग समिति के सहयोग से नियमित रूप से फिटनेस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 30वां फिटनेस सत्र रविवार, 26 जुलाई 2026 को प्रातः 5:30 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष सत्र में रायपुर से आने वाले स्वास्थ्य एवं फिटनेस विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को एरोबिक्स एवं जुम्बा का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। वाहिनी ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है।

18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी की यह पहल दर्शाती है कि यदि इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास हो तो जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जनस्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एक साथ प्रभावी और स्थायी बदलाव लाया जा सकता है। यह प्रयास आने वाले समय में जिले के लिए प्रेरणादायी मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here