बेनी माधव कुशवाहा | डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर, शहडोल,

शहडोल। विकासखंड जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत दरैन, वार्ड क्रमांक-04 में लगा बिजली ट्रांसफार्मर लंबे समय से जर्जर स्थिति में दिखाई दे रहा है। ट्रांसफार्मर पर जंग लगी हुई है तथा आसपास बिजली के तार भी अव्यवस्थित नजर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में यदि समय रहते ट्रांसफार्मर और उससे जुड़े उपकरणों की मरम्मत नहीं कराई गई तो बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ बड़ा हादसा भी हो सकता है। किसानों और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए इस ट्रांसफार्मर का तत्काल निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कराई जाना जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कर आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए तथा ढीले और क्षतिग्रस्त तारों को भी बदला जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों की मांग:
“बिजली विभाग जल्द कार्रवाई करे, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या विद्युत संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।”

