Home कोरिया छत्तीसगढ़, कोरिया, सोनहत, जनपद पंचायत मुख्यालय के बगल में विकास की पोल:...

छत्तीसगढ़, कोरिया, सोनहत, जनपद पंचायत मुख्यालय के बगल में विकास की पोल: धूमाडाड पारा की सड़क वर्षों से बदहाल, ग्रामीणों का आवागमन दूभर

1
0
hey

रिपोर्ट: निलेश सोनी |
वशिष्ठ टाइम्स | सोनहत

सोनहत जनपद पंचायत मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत सोनहत से लगे धुमाडाड रजबारी पारा की सड़क वर्षों से जर्जर और बदहाल बनी हुई है। विडंबना यह है कि प्रशासनिक कार्यालयों के बिल्कुल समीप स्थित इस बस्ती की सड़क आज भी मरम्मत की बाट जोह रही है। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़, गड्ढे और जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, मरीज और राहगीर आवागमन करते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों का इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं है। चुनाव के समय बड़े-बड़े विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन वर्षों से इस सड़क की मरम्मत तक नहीं कराई गई। प्रशासनिक मुख्यालय के समीप ऐसी बदहाल सड़क विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि रजबारी पारा की सड़क का तत्काल सर्वे कराकर सीसी रोड अथवा डामरीकरण का कार्य कराया जाए,

ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

यदि प्रशासन शीघ्र इस सड़क की मरम्मत नहीं कराता है, तो बरसात के दौरान किसी बड़ी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।

स्थानीय नागरिकों ने भी चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here