सूरजपुर, 23 जुलाई 2026/ बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर में मध्यान्ह भोजन योजना अंतर्गत कार्यरत मध्यान्ह भोजन सहायिकाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य योजना के प्रभावी संचालन, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, पोषण मानकों तथा गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में सहायिकाओं की दक्षता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य आदरणीय श्री मनोज कुमार झा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षण के मुख्य उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता तथा रसोइयों के दैनिक कार्यों में बरती जाने वाली सावधानियों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने भोजन तैयार करने एवं परोसने के दौरान स्वच्छता के मानकों का पालन करने, निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, रसोईघर की नियमित साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा आवश्यक अभिलेखों के सही संधारण पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण स्तर एवं नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण योजना है तथा इसके सफल क्रियान्वयन में मध्यान्ह भोजन सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सहायिकाओं से शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मध्यान्ह भोजन सहायिकाओं के साथ ही संचालन समूह के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कराया। कार्यक्रम का समापन प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर संकुल केंद्र नवापारा के संकुल समन्वयक श्री बालेश्वर प्रसाद साहू, बालक सूरजपुर के संकुल समन्वयक श्री जितेंद्र कुमार साहू, कन्या सूरजपुर के संकुल समन्वयक श्री विकास कुमार पांडे तथा मास्टर ट्रेनर श्री राम नंदे साहू एवं श्री राजाराम साहू उपस्थित रहे।

