Home एम.सी.बी. छत्तीसगढ़,जिला कोरिया,ग्रामीण आजीविका में वृद्धि के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी...

छत्तीसगढ़,जिला कोरिया,ग्रामीण आजीविका में वृद्धि के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी – श्रीमती रोक्तिमा जल संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास से मिलेंगे परिणाम योजनाओं के समन्वय से प्रत्येक परिवार को आर्थिक सक्षम बनाना आवश्यक

2
0
hey

कोरिया, 22 जुलाई 2026/* आम ग्रामीण परिवारों को आर्थिक तौर पर सक्षम बनाने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। आज जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के ग्रामीण विकास हेतु संचालित समस्त योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं में स्वीकृत अनेक निर्माण कार्यों में विलम्ब पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने लापरवाही बरतने वाले सरपंच और ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत कोरिया के नव पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास, सहायक संचालक पंचायत श्री आशीष सिंह और जिला पंचायत के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

वीबी जीरामजी से जल संरक्षण

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ग्रामीण आजीविका में सुधार के साथ संसाधन निर्माण करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा एक जुलाई से लागू की गई वी बी जी राम जी योजना पर सबसे पहले बात की। उन्होंने सबसे पहले आवश्यकता अनुसार बालिका शौचालय निर्माण कार्य प्रस्ताव तैयार कर जल्द निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। काम की मांग अनुसार सभी को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए ज्यादा से ज्यादा जल संरक्षण कार्य स्वीकृत करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे जिले में जलसंरक्षण के कार्य लगातार किए जाएं जिससे हम अधिक से अधिक वर्षा जल रोककर उसे भूमिगत कर सकें।

राशि गबन करने वालों से होगी वसूली

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, जनमन आवास तथा एमएमएवाई में प्रगति पर समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा ने कहा कि बारिश के मौसम में भी हितग्राही मकान के कार्य लगातार जारी रखें ताकि जल्द उनका पक्का मकान पूरा हो सके। उन्होंने लम्बे समय से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अनुदान राशि पाकर निर्माण नहीं करने वाले लापरवाह हितग्राहियों के विरूद्ध तुरंत राशि वसूली प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए।

स्वच्छता से ही बेहतर स्वास्थ्य

व्यवहारिक रूप से यह समझना होगा कि हम स्वच्छता अपनाकर ज्यादा स्वस्थ रहेंगे इसलिए शासन द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम लागू किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत कार्यों की प्रगति पर समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में इसे अनिवार्य रूप से लागू कराएं। यह जागरूक जनसहभागिता से ही संभव होगा। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में स्वीकृत सोखता गड्ढे, व्यक्तिगत शौचालय कार्य, अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र में चल रही गतिविधि की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

हर महिला आर्थिक स्वावलंबी हो

ग्रामीण आजीविका में सुधार करने हेतु आवश्यक निर्देश देते हुए श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं को स्थाई आजीविका गतिविधि से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी आजीविका डबरी और तालाब में मछली पालन से महिलाओं को मजबूत आजीविका का संसाधन दिए जा सकते हैं। इसके लिए सभी योजनाओं में समन्वय कर कार्यवाही करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here