
कोरिया, 14 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में सुशासन तिहार एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को भी अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी समाधान करना है। इसलिए किसी भी आवेदन का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान के साथ किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गंभीर मामलों में स्वयं रुचि लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकाय के अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए विद्युत आपूर्ति, खाद-बीज की उपलब्धता, शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या न हो और प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक सेवाएं आम नागरिकों तक निर्बाध रूप से पहुंचनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों को समय पर आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी को अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा जाति, निवास एवं जन्म प्रमाण-पत्र बनाने के लिए संकुल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में एडीएम श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डीडी मण्डावी, एसडीएम श्री उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

