Home छत्तीसगढ़ सूरजपुर, जिला पंचायत सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

सूरजपुर, जिला पंचायत सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

1
0

 

– कलेक्टर ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने दिए आवश्यक निर्देश

सूरजपुर/04 जुलाई 2026/ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले सहित विभागीय अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान), महतारी सदन निर्माण सहित पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रत्येक स्वीकृत आवास की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा निर्माण कार्य की दैनिक प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी अमला प्रतिदिन निर्माणाधीन आवासों का स्थल निरीक्षण करे तथा निर्माण कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करे, जिससे कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो सके।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले ने महतारी सदन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत को स्वच्छता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामुदायिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सोकपिट निर्माण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (आरईएस) तथा अन्य विभागीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उप संचालक पंचायत, कार्यपालन अभियंता आरईएस, एपीओ मनरेगा, डीसी आवास, डीपीएम बिहान, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीओ, सहायक अभियंता, उप अभियंता, तकनीकी सहायक, बीएफटी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here