Home कोरिया कोरिया-‘खेत बचाओ अभियान’ से बदली सोच-किसान धनीराम ने संतुलित उर्वरक उपयोग का...

कोरिया-‘खेत बचाओ अभियान’ से बदली सोच-किसान धनीराम ने संतुलित उर्वरक उपयोग का दिया प्रेरक संदेश 15 एकड़ में कर रहे खेती, रासायनिक उर्वरकों के साथ वैकल्पिक पोषक तत्वों का करेंगे उपयोग…………..

12
0

कोरिया, 12 जून 2026/ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरिया जिले के ग्राम पंचायत जामपारा के किसान श्री धनीराम अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।

धनीराम लगभग 15 एकड़ कृषि भूमि में खेती कर रहे हैं। उन्होंने इस वर्ष धान फसल के लिए आवश्यकता अनुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग करते हुए 15 बोरी यूरिया, 9 बोरी डीएपी, 1 बोरी पोटाश, 1 बोतल एक्को तथा 1 यूनिट नैनो डीएपी प्राप्त किया है।

उनका कहना है कि कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे तकनीकी मार्गदर्शन से उन्हें उर्वरकों के संतुलित उपयोग और लागत कम करने में मदद मिल रही है।

किसान धनीराम का मानना है कि खेती में केवल रासायनिक उर्वरकों पर निर्भर रहने के बजाय वैकल्पिक पोषक तत्वों और नई तकनीकों का उपयोग करना आवश्यक है। इससे फसल की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ-साथ मृदा स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार ‘खेत बचाओ अभियान’ का उद्देश्य किसानों को उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक खेती और मृदा संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसान धनीराम का प्रयास यह दर्शाता है कि वैज्ञानिक सलाह और संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन के साथ कृषि लागत को भी नियंत्रित कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here