कोरिया, 10 जून 2026/ जिले में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 11 जून को प्रातः 7 बजे से प्रेमाबाग परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विधायक, सांसद तथा विधायक प्रतिनिधियों, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सभी जिला पंचायत सदस्यों को भी शामिल किया जा रहा है। इसके अलावा नगरीय निकायों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। प्रशासन ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के अध्यक्षों एवं पार्षदों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। वहीं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को जनपद अध्यक्षों एवं जनपद सदस्यों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा आमजन से इस विशेष स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक एक साथ मिलकर स्वच्छता के लिए कार्य करेंगे, तब समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित होगा और लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर उपस्थित होकर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से समय का विशेष ध्यान रखने का आग्रह करते हुए बताया है कि स्वच्छता अभियान का शुभारंभ प्रातः 7 बजे से किया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों को स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम बनेगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस सामूहिक प्रयास से जिले में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ेगी और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

