हेमचंद यादव विश्वविद्यालय
एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की लीगल इंग्लिश परीक्षा के परिणाम में बड़ा बदलाव करते हुए उन 148 परीक्षार्थियों को भी पास कर दिया, जिन्होंने अंग्रेजी विषय के पेपर में उत्तर हिंदी में लिखे थे। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद परीक्षा का रिजल्ट 24 प्रतिशत से बढकऱ 59.47 प्रतिशत पहुंच गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक मामले की जांच के दौरान संबंधित कॉलेजों से इंटरनल एग्जाम की कॉपियां मंगवाई गईं। इनमें भी अधिकांश विद्यार्थियों ने उत्तर हिंदी में लिखे थे। इससे यह स्पष्ट हुआ कि कॉलेजों की फैकल्टी ने छात्रों को अंग्रेजी की जगह हिंदी में उत्तर लिखने की सलाह दी थी।
हेमचंद यादव विवि ने स्पष्ट किया है कि यह राहत केवल इस बार के लिए दी गई है। आगामी सत्र से परीक्षा से पहले कॉलेजों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रश्नपत्र में भी उल्लेख रहेगा कि उत्तर केवल अंग्रेजी में ही लिखने होंगे।
विवि जल्द ही इस पूरे मामले की जानकारी बार काउंसिल को भी भेजेगा। इसके साथ ही विवि ने संभाग के सभी एलएलबी कॉलेजों की फैकल्टी का सत्यापन कराने का निर्णय लिया है।

विवि ने 27 जनवरी को एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के ‘लीगल इंग्लिश लैंग्वेज एंड राइटिंग’ विषय की परीक्षा आयोजित की थी। इस पेपर में उत्तर अंग्रेजी में लिखना अनिवार्य था, लेकिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्तर हिंदी में लिख दिए। परीक्षा में करीब 417 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। कई छात्रों ने कुछ उत्तर हिंदी और कुछ अंग्रेजी में लिखे थे।

