छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के साथ हुई है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली और राजनांदगांव समेत कई शहरों में लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों तक ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बने रह सकते हैं।

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की भी संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण कबीरधाम और राजनांदगांव जिलों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन तीन दिनों बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने के कारण मौसम में हल्का बदलाव संभव है।

