कोरिया/विशेष प्रतिनिधि।
रंजीत प्रजापति संभाग ब्यूरो
जिले की ग्राम पंचायत बेलिया में विधायक मद से स्वीकृत लगभग 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क निर्माण कार्य अब विवादों के घेरे में आ गया है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता, घटिया सामग्री उपयोग और गुणवत्ता विहीन कार्य कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का कार्य रात के अंधेरे में मशीनों के माध्यम से जल्दबाजी में कराया गया,
जिसके चलते ढलाई के महज 24 घंटे के भीतर ही सड़क में दरारें दिखाई देने लगीं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया तथा गुणवत्ता की अनदेखी कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।
मामले को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वहीं क्षेत्रीय विधायक के समर्थकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विधायक द्वारा क्षेत्र विकास के उद्देश्य से राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन पंचायत स्तर पर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं किए जाने से जनहित की योजना बदनाम हो रही है।
लोगों ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखना पंचायत एवं संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग से मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो ग्रामीणों ने आंदोलन और उच्च स्तरीय शिकायत की चेतावनी भी दी है। यह मामला अब पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।

