छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला में मंगलवार को एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना सामने आई, जब कुलगांव स्थित अजीबी एग्रो राइस मिल में अचानक भीषण आग लग गई ,आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है
कि अचानक धुएं के गुबार के साथ आग की लपटें उठती दिखीं, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। धान के सैकड़ों बोरे और बारदाना जलकर खाक हो गए। राइस मिल के अंदर रखा अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाना चुनौती बना रहा। लगातार पानी की बौछारें डाली जा रही हैं, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। राइस मिल के मालिक मोहम्मद आवेश भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

