Report Beni Madhav kushvaha…….
जयसिंहनगर तहसील (शहडोल)। ग्राम पंचायत कुदरी निवासी गोपिका प्रसाद कुशवाहा उर्फ गोपी कुशवाहा, जो वर्तमान में कोटवार के पद पर कार्यरत है,
पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों से अवैध रूप से पैसा वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गोपी कुशवाहा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए स्वयं को एसडीएम और तहसीलदार के समान प्रभावशाली बताता है तथा लोगों को उनके कार्य करवाने के नाम पर पैसों की मांग करता है।
कई किसानों ने आरोप लगाया कि उसने उनसे विभिन्न कार्यों के लिए राशि ली, लेकिन काम नहीं हुआ और पैसा भी वापस नहीं किया गया।
जब प्रभावित लोगों ने उससे पैसे के बारे में पूछताछ की, तो गोपी कुशवाहा ने कथित तौर पर कहा कि उसने यह रकम अपने पास नहीं रखी,
बल्कि पटवारी, तहसीलदार और एसडीएम को देनी पड़ती है। साथ ही उसने यह भी भरोसा दिलाया कि वह अधिकारियों से बात कर काम करवा देगा।
ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में पहले भी कई बार तहसीलदार से मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे प्रशासन से निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए दोषी के खिलाफ क्या कदम उठाता है।

