Home एम.सी.बी. भीषण गर्मी में राहत: गांव-गांव पहुंचकर मरम्मत दल कर रहे हैंडपंप दुरुस्त...

भीषण गर्मी में राहत: गांव-गांव पहुंचकर मरम्मत दल कर रहे हैंडपंप दुरुस्त लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़, बंद हैंडपंपों को किया जा रहा चालू…………

12
0

एमसीबी/08 अप्रैल 2026/ जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते जल संकट के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा राहत पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब एवं बंद पड़े हैंडपंपों के संधारण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए विभाग की टीमों को सक्रिय किया गया है, जो लगातार गांव-गांव पहुंचकर त्वरित सुधार कार्य कर रही हैं।
तेज धूप और जल की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग द्वारा विशेष रणनीति के तहत मरम्मत दलों का गठन किया गया है। ये दल सुबह से ही फील्ड में पहुंचकर हैंडपंपों की जांच, मरम्मत एवं आवश्यक पुर्जों के प्रतिस्थापन का कार्य कर रहे हैं, ताकि किसी भी गांव में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द चालू किया जाए।
इसी क्रम में विकासखंड मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत बंजी, वार्ड क्रमांक 2 स्कूल पारा में लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंप को विभागीय टीम द्वारा सुधार कर पुनः चालू किया गया। हैंडपंप के चालू होते ही आसपास के रहवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा है, जिससे उन्हें भीषण गर्मी के इस दौर में बड़ी राहत मिली है। स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मरम्मत कार्य पूर्ण होने से उनकी दैनिक जल आवश्यकता की समस्या दूर हो गई है। उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन सुगम हो रहा है।


लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। जहां कहीं भी हैंडपंप खराब पाए जा रहे हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित संधारण कार्य जारी रहे। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, तकनीकी टीमों की तैनाती एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जल का उपयोग सावधानीपूर्वक करें एवं किसी भी खराब हैंडपंप या जल समस्या की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here