राजधानी रायपुर में मीटर लगाने के नाम पर ठग ने कारोबारी से 6 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है। आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर पहले फोन किया, फिर लिंक भेजकर मोबाइल हैक किया और अलग-अलग किश्तों में रकम निकाल ली।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2 निवासी आशीष भाई देसाई (किरायेदार) लेमिनेट का काम करते हैं। इसी बीच 4 अप्रैल की सुबह करीब 8:20 बजे उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया।कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि मीटर प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
मोबाइल हैक कर निकाले पैसे…
लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठग ने बैंक खातों से रकम निकालना शुरू कर दिया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते से 6 किश्तों में 6,03,472 रुपए और एचडीएफसी बैंक के खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 8 ट्रांजैक्शन में 7,02,472 रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई।

