कोरिया जिले में चिरमी नदी के किनारे अवैध रेत परिवहन का काम खुलेआम जारी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नदी से हर दिन बड़ी मात्रा में रेत निकाली जाती है और वाहनों की आवाजाही सुबह से देर रात तक लगातार बनी रहती है। सोमवार दोपहर मीडिया टीम जब चिरमी नदी पर पहुँची, तो उन्होंने वाहन क्रमांक CG 16 A 2637 में रेत भराई का पूरा मामला कैमरे में कैद कर लिया। हालांकि कैमरा ऑन होते ही रेत तस्करों के इशारे पर वाहन चालक ने नदी में रेत गिरा दी और ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
यह वही इलाका है, जहाँ अवैध रेत व्यापारी बिना किसी रोक-टोक के अपने वाहनों को चलाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रेत प्रतिदिन कई ट्रिप जिले के अलग-अलग हिस्सों तक भेजी जाती है। मीडिया टीम ने मौके पर मौजूद मजदूरों और वाहन चालक से जानकारी ली, तो उन्होंने कहा कि यह वाहन बैकुंठपुर निवासी राजू खटीक का है और प्रतिदिन तीन-चार ट्रिप रेत परिवहन करता है।
इस पूरे मामले ने सवाल खड़ा किया है कि जब विभागीय कार्रवाई की बात की जाती है, तो चिरमी नदी क्षेत्र में यह अवैध कारोबार किसकी शह पर फल-फूल रहा है। मीडिया ने खनिज अधिकारी भूषण पटेल को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक वाहन चालक रेत खाली कर ट्रक लेकर भाग चुका था।
खनिज अधिकारी भूषण पटेल ने बताया कि जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और हाल ही में तीन वाहनों को जप्त कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आज की घटना के संबंध में भी उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
अवैध रेत खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि नदी की पारिस्थितिकी और स्थानीय पर्यावरण पर भी गंभीर प्रभाव डाल रहा है। अब यह देखने वाली बात होगी कि विभाग इस मामले में ठोस कार्रवाई करता है या यह मामला केवल कागज़ों में ही सीमित रह जाता है।


