अंबिकापुर, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को राहत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने की घोषणा की है।
अब 15 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव (परीक्षा) द्वारा जारी अधिसूचना क्रमांक 319/परीक्षा/ई-02/2025, दिनांक 7 नवंबर 2025 के अनुसार, पहले नामांकन की अंतिम तिथि 7 नवंबर 2025 निर्धारित थी।
छात्रों और कॉलेजों से प्राप्त अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए यह अवधि अब बढ़ा दी गई है। नई अधिसूचना के मुताबिक, विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल www.sggcg.in पर 8 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान किया जा सकेगा।
दस्तावेज़ जमा करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर
ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को आवेदन की पावती और आवश्यक दस्तावेज 17 नवंबर 2025 तक संबंधित महाविद्यालय या शिक्षण विभाग में जमा करने होंगे। इसके बाद महाविद्यालयों को सभी आवेदन एवं दस्तावेज 20 नवंबर 2025 तक विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग में अग्रेषित करने होंगे।
पूर्व निर्देश रहेंगे यथावत
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि नामांकन से संबंधित पूर्व अधिसूचना दिनांक 17 अक्टूबर 2025 में दिए गए सभी नियम और निर्देश यथावत लागू रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि आगे की परीक्षा और शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रभावित न हों।



