नरसिंहपुर : राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025- 26 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसान पंजीयन का निर्धारण किया गया है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 15 सितम्बर से 10 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा।
जिला उपार्जन समिति के अनुसार किसानों को नि:शुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। किसान ग्राम पंचायत कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय व तहसील कार्यालय में स्थापित सुविधा केन्द्र और सहकारी समिति व सहकारी विपणन संस्थाओं को आवंटित पंजीयन केन्द्रों में नि:शुल्क पंजीयन कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसान एमपी ऑनलाइन के कियोस्क सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र, निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईवर कैफे में निर्धारित 50 रुपये प्रति पंजीयन स:शुल्क किया जा सकता है। समर्थन मूल्य में विक्रय उपज का भुगतान आधार लिंक बैंक खाते में ही किया जावेगा। इच्छुक किसानों से अपील की गई है कि वे किसान पंजीयन प्रक्रिया के पूर्व अपना आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर अपने बैंक खाते में अनिवार्य रूप से दर्ज कराना (लिंक कराना) सुनिश्चित करें, जिससे उन्हें पंजीयन उपज का विक्रय का भुगतान में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिले के सिकमी, बटाईदार, वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समितियों/ सहकारी विपणन संस्था में संचालित पंजीयन केन्द्रों में ही किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में सिकमीनामा अनुबंध 30 अगस्त 2025 तक का होना अनिवार्य है। अत: ऐसे किसानों से अपील की जाती है कि यदि कृषि का कार्य सिकमी, बटाईदार, वन पट्टाधारी भूमि में कर रहे हैं, तो उक्त भूमि का अनुबंध निर्धारित प्रारूप में 30 अगस्त 2025 तक अनुबंध निष्पादित करें, जिससे पंजीयन व उपज विक्रय आदि में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। किसान पंजीयन अवधि के साथ- साथ राजस्व विभाग द्वारा किसान पंजीयन का सत्यापन 18 सितम्बर 2025 से 17 अक्टूबर 2025 तक पूर्ण किया जावेगा।
जिले में विगत वर्ष धान, ज्वार एवं बाजरा का समर्थन मूल्य पर विक्रय के लिए 57 पंजीयन केन्द्र बनाए गए थे। इस वर्ष भी 57 पंजीयन केन्द्र बनाए जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, पंजीयन केन्द्रों का निर्धारण की प्रक्रिया जिला उपार्जन समिति स्तर पर प्रचलित है।
जिला आपूर्ति अधिकारी नरसिंहपुर ने सभी किसानों से अपील की है कि वे समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के विक्रय के लिए पूर्व से अपने बैंक खाते में अपना आधार एवं मोबाइल नंबर दर्ज करा लें। साथ ही सिकमी, बटाईदार व वन पट्टाधारी किसान का अनुबंध निर्धारित प्रारूप में 30 अगस्त 2025 तक पूर्ण करा लें, जिससे किसान पंजीयन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।



