Home एम.सी.बी. एमसीबी/CG : मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण...

एमसीबी/CG : मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन, जिले में शिक्षा सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम………….

58
0

एमसीबी : मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 के अंतर्गत जिले में शिक्षा सुधार की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ते हुए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार और विद्यालयी शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें जिले के सभी संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक पूर्ण उत्साह और 100 प्रतिशत उपस्थिति के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का अध्यक्षता जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर भरतपुर विनायक शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे, एबीईओ मनेंद्रगढ़ वीरेंद्र पांडे, कार्यालय सहायक डीईओ ऑफिस डीपी मिश्रा, जिला नोडल अधिकारी सीएम गुणवत्ता अभियान सूर्याेदय सिंह और एसआरजी खुशबू पी. दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनर्स व्याख्याता एम. अंसारी, चंद्र पाल चंद्रा, शिक्षक गौरव त्रिपाठी, मनीष बेहरा तथा सहायक शिक्षक कंचन कुमार ने किया। इन्होंने संकुल प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों को अभियान की रूपरेखा, कार्यप्रणाली और क्रियान्वयन की गहराई से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और शिक्षकों ने विस्तार से चर्चा करते हुए यह संकल्प लिया कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को जिले के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाकर इसे एक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों और प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को पूरी निष्ठा और समर्पण से आगे बढ़ाएं ताकि एमसीबी जिला शिक्षा की दृष्टि से पूरे प्रदेश में एक आदर्श उदाहरण बन सके। वहीं कलेक्टर विनायक शर्मा ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इस प्रशिक्षण से शिक्षकों में नई ऊर्जा और दृष्टिकोण का विकास होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प है, जिसमें शिक्षक सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि संकुल स्तर पर इस प्रशिक्षण के सार्थक परिणाम तब दिखाई देंगे जब हम इसे व्यवहार में उतारेंगे। इसी तरह जिला नोडल अधिकारी सूर्याेदय सिंह ने प्रशिक्षण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सभी की 100 प्रतिशत उपस्थिति यह साबित करती है कि जिले में शिक्षा सुधार को लेकर गंभीरता और प्रतिबद्धता कितनी गहरी है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह प्रशिक्षण उन्हें विद्यालय स्तर पर बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए नए साधन और कार्ययोजना प्रदान करता है। उन्होंने सामूहिक रूप से आश्वासन दिया कि इस अभियान को वे अपने-अपने स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।
अंत में जिला नोडल अधिकारी ने सभी अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स, प्राचार्यों और समन्वयकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025 जिले में शिक्षा के नए युग की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान के माध्यम से जिले के शैक्षणिक स्तर में व्यापक सुधार होगा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here