नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने बुधवार को जिले में हुई अतिवर्षा से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बेलखेड़ी में शेढ़ नदी का पुल, कठौतिया में तसला नाला और झांसीघाट का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में या पुल क्षतिग्रस्त होने पर नदी-नाले पार न करें। कलेक्टर श्रीमती पटले ने कठौतिया में तसला नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिये, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने इस अवसर पर मैदानी अमले को नियमित रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं नदी- नालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिये। पुल-पुलियो के ऊपर से पानी जाने या क्षतिग्रस्त होने पर बैरीकेटिंग लगाने को कहा, जिससे कोई भी नागरिक पुल-पुलियो को पार न कर सकें। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा हेतु पुलिस तथा मैदानी अमले को तैनात रहने को कहा। कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देश दिये कि जिले में हो रही अतिवर्षा व नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति होने पर तत्काल सूचना दें, जिससे जन-माल की सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने मैदानी अमले को अतिवर्षा व बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा। किसी भी प्रकार की घटना होने पर इसकी सूचना तत्काल देने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।



